नई दिल्ली. कोरोनावायरस की वजह से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। संक्रमण के चलते अब तक देश में 170 लोगों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे के अंदर ही 22 मरीजों ने जान गंवाई। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 12 मरीजों की मौत हुई। इसमें मुंबई में 6, पुणे में 3, ठाणे, नागपुर और सतारा में 1-1 संक्रमितों की जान गई। प्रदेश में कोरोना की चपेट में आकर अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि केवल मुंबई का आंकड़ा देखें तो यहां अब तक 41 लोग जान गंवा चुके हैं। पूरे महाराष्ट्र में मौत का यह आंकड़ा 64 पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश के इंदौर में भी मौतों का सिलसिला तीसरे दिन जारी रहा। मंगलवार को यहां दो मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ इंदौर में मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। जबकि प्रदेश में अब तक 21 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। गुजरात में भी 24 घंटे के अंदर तीन और दिल्ली में दो संक्रमितों की मौत हुई। यह आंकड़े अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 124 मौत की पुष्टि की है।
मंगलवार को हुई मौतें
ओडिशा: राज्य में 72 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वह पिछले तीन दिन से भुवनेश्वर के एम्स में भर्ती था। इसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
आंध्र प्रदेश: राज्य के कुर्नूल जिले में 45 साल के व्यक्ति की जान चली गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इसकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं थी। एक अप्रैल को अस्पताल में भर्ती किया गया था।
मध्यप्रदेश: राज्य में मंगलवार को कोरोना से मौत के तीन मामले आए। इनमें दो इंदौर में जबकि उज्जैन में एक मौत हुई। इंदौर में मरने वालों में एक 84 साल का बुजुर्ग था। वहीं, दूसरा 30 साल का युवक था। वहीं, उज्जैन में 65 साल की महिला की भी रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई। महिला की मौत रविवार को हो गई थी।
जम्मू कश्मीर : राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को एक संक्रमित की जान चली गई। इस तरह से प्रदेश में अब तक तीन मरीजों की मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र : मंगलवार को 12 संक्रमितों की मौत हुई। इसमें सबसे ज्यादा 6 मुंबई के मरीजों ने दम तोड़ा। इसके अलावा पुणे में तीन, ठाणे में दो और सतारा में एक संक्रमित ने कोरोना के चलते जान गंवाई। प्रदेश में अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है।
संक्रमण से महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें
राज्य | मौतें |
महाराष्ट्र | 64 |
मध्यप्रदेश | 21 |
तेलंगाना | 12 |
गुजरात | 15 |
पंजाब | 08 |
दिल्ली | 09 |
पश्चिम बंगाल | 07 |
राजस्थान | 06 |
तमिलनाडु | 05 |
कर्नाटक | 04 |
आंध्र प्रदेश | 04 |
उत्तर प्रदेश | 03 |
हिमाचल | 02 |
जम्मू-कश्मीर | 03 |
हरियाणा | 02 |
केरल | 02 |
बिहार | 01 |
चंडीगढ़ | 01 |
ओडिशा | 01 |
कुल | 170 |